कालाढूंगी | 16 नवंबर 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार देने के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
📢 कालाढूंगी के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें सड़क, बिजली, खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री की छह घोषणाएं इस प्रकार हैं:
-
बिजली सुविधा: कालाढूंगी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
-
नई सड़क: ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
-
खेल सुविधाएं: कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
-
सड़क चौड़ीकरण: गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर तक सड़क का चौड़ीकरण होगा।
-
स्वास्थ्य सेवाएं: कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
-
महिलाओं को रोजगार: पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इन योजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
👩🦰 22 महिलाओं को किया सम्मानित, उपलब्धियों को बताया प्रेरणादायक
समारोह में मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन महिलाओं के संघर्ष, मेहनत और साहस को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से समाज को प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि इससे परिवार, समाज और पूरे प्रदेश को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
हिमालय जैसी मजबूत है उत्तराखंड की मातृशक्ति: CM धामी
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है।
उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों के बीच परिवार की जिम्मेदारियां संभालते और कठिन परिस्थितियों का सामना करते देखा है। माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम उनके लिए हमेशा प्रेरणा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है।
महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम हुआ है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भी महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अधिनियम में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान है।
उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। वहीं, सहकारी समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
इन समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपना रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना भी संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से जुड़ीं 5,500 महिलाएं
उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का भी मुख्यमंत्री ने जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि इस ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
नंदा गौरा योजना में बेटियों को मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं को जन्म के समय 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने महिला सुरक्षा और समान अधिकारों के संदर्भ में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल, समान अवसर और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी सहयोग मिले।
मातृशक्ति के सहयोग से विकसित उत्तराखंड का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा होगा।











