अल्मोड़ा | 21 जून 2026
कुमाऊं के दन्या क्षेत्र को रविवार को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दन्या के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया, जो लगभग 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
🎯 दन्या और आसपास के क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा।
- चमतोला खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।
- राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
- जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
- प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
- खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक नया मोटर मार्ग बनाया जाएगा।
- राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण किया जाएगा।
“हर क्षेत्र का संतुलित विकास हमारी प्राथमिकता”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के सभी क्षेत्रों के समेकित और संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेश को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।
जागेश्वर धाम में मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के अंतर्गत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और धाम को आधुनिक सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धामों के संरक्षण और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल” की अवधारणा के तहत मेलों और स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिल रही है। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
भर्ती परीक्षाओं में बढ़ा विश्वास, भ्रष्टाचार पर सख्ती जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नक़ल विरोधी कानून लागू होने के बाद युवाओं का भर्ती परीक्षाओं में विश्वास और मजबूत हुआ है। साथ ही राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने भी रखा पक्ष
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
श्रीमद्भागवत कथा में भी हुए शामिल
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।









