🚄 दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा और आसान! मेरठ-लक्ष्मणझूला तक दौड़ेगी हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन

देहरादून/ऋषिकेश | 18 जून 2026

उत्तराखण्ड की परिवहन व्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई गति देने वाली एक बड़ी पहल पर सहमति बन गई है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के पास लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने का सपना अब हकीकत की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों के बाद उत्तराखण्ड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच मेरठ से ऋषिकेश तक आरआरटीएस नेटवर्क के विस्तार पर सहमति बनी है। अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के लिए जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा।

फरवरी में शुरू हुई थी मोदीपुरम तक सेवा

इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस सेवा को उत्तराखण्ड तक विस्तार देने के लिए प्रयासरत रहे।

हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव भी सौंपा था। इसके बाद मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक ट्रेन सेवा के विस्तार पर सहमति बनी।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी तय कर दिया है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार भी इस परियोजना पर सहमति दे चुकी है। अब लगभग 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक की डीपीआर तैयार करने के लिए सर्वे शुरू होने जा रहा है।

मेरठ से हरिद्वार होते हुए पहुंचेगी लक्ष्मणझूला

प्रस्तावित योजना के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा। यह मार्ग मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखण्ड में प्रवेश करेगा और फिर रुड़की, हरिद्वार में हर की पैड़ी से गुजरते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा।

इस परियोजना का लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखण्ड में आएगा।

तीर्थयात्रियों और यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से यात्रा करने में लगभग पांच से छह घंटे का समय लगता है। नमो भारत ट्रेन की अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के साथ यह सफर लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर रही है। उनका कहना है कि बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का प्रयास किया जा रहा है।