देहरादून | 18 जून 2026
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उत्साह के बीच उत्तराखण्ड में भी योग को लेकर जागरूकता बढ़ाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए सभी लोगों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांति और ऊर्जा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। आज योग दुनिया भर में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का सशक्त माध्यम भी है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त रहने, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में भाग लें और योग को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
योग दिवस से पहले मुख्यमंत्री की यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य और जागरूकता के संदेश को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है।










