टिहरी गढ़वाल | 5 जून 2026
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय टिहरी गढ़वाल भ्रमण के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में शिक्षा, पोषण, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध सुधार पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस
ढुंगीधार आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री और पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में बच्चों का वजन भी मापवाया और गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की।
इस अवसर पर उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्त्रियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों और बच्चों के घरों तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी बच्चा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
विद्यालय में मध्यान्ह भोजन और शिक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय की विरासत को सहेजने पर जोर
टिहरी की सांस्कृतिक और बौद्धिक धरोहर माने जाने वाले श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पुस्तकों, अभिलेखों, पंजीकरण व्यवस्था और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्हें बताया गया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनका लाभ साहित्य प्रेमियों, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिल रहा है।
मुख्य सचिव ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों और पांडुलिपियों के बेहतर संरक्षण के साथ अध्ययन के लिए सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल का किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्य सचिव ने बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण किया और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया हरियाली का संदेश 🌱
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










