हरिद्वार की विशाल जनसभा में बोले गृह मंत्री, “धामी सरकार ने उत्तराखंड की समस्याओं को एक-एक कर खत्म किया”

हरिद्वार की पावन धरती पर शनिवार को सियासत और विकास दोनों का संगम देखने को मिला। ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत बैरागी कैंप में आयोजित विशाल जनसभा में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार केदारनाथ से लेकर कन्याकुमारी तक हर घुसपैठिए को देश से बाहर करने के लिए संकल्पबद्ध है।

हजारों लोगों की मौजूदगी में हुई इस जनसभा में शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि धामी सरकार ने उत्तराखंड की वर्षों पुरानी समस्याओं को चुन-चुनकर खत्म करने का काम किया है। उनके मुताबिक पिछले चार सालों में प्रदेश विकास की रफ्तार दोगुनी हो गई है।


उत्तराखंड आंदोलन की यादें भी हुईं ताज़ा

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए गृह मंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन और रामपुर तिराहा कांड को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि बाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे नए राज्यों का गठन हुआ और आज ये राज्य विकास की नई मिसाल बन रहे हैं।

शाह ने कहा,

“अटल जी ने उत्तराखंड बनाया था, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं।”


नई न्याय संहिता से तीन साल में मिलेगा फैसला

अमित शाह ने नई न्याय व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंग्रेजों के जमाने के डेढ़ सौ साल पुराने कानूनों को बदल दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 2028 तक नई न्याय संहिता पूरी तरह लागू हो जाएगी, जिसके बाद किसी भी केस में एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला आने में अधिकतम तीन साल का समय लगेगा


CAA के तहत नागरिकता पाने वालों को दी बधाई

जनसभा में गृह मंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता प्राप्त करने वाले शरणार्थियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को भारत में पूरा अधिकार मिलेगा, क्योंकि वे अपने धर्म और सम्मान की रक्षा के लिए यहां आए हैं।


नकल विरोधी कानून से मिली पारदर्शिता

शाह ने उत्तराखंड पुलिस में हाल ही में नियुक्त हुए 1900 आरक्षियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में अब “बिना पर्चा, बिना खर्चा” सरकारी नौकरी मिल रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा लागू किया गया सख्त नकल विरोधी कानून रोजगार प्रणाली में पारदर्शिता लाने का बड़ा कदम है।


हरिद्वार कुंभ 2027 तोड़ेगा सभी रिकॉर्ड

गृह मंत्री ने बताया कि 2027 में होने वाला हरिद्वार कुंभ मेला भव्यता और व्यवस्थाओं के मामले में नए रिकॉर्ड बनाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सीमांत गांवों को अब “प्रथम गांव” का सम्मान दिया गया है, जिससे पलायन रोकने में मदद मिलेगी।


मुख्यमंत्री धामी बोले – देश विकास और सुशासन की नई गाथा लिख रहा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई कहानी लिख रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने पिछले चार वर्षों में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें प्रमुख हैं:

  • समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना

  • सख्त भू-कानून

  • नकल विरोधी कानून

  • ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए ₹3.56 लाख करोड़ निवेश समझौते

  • सालभर पर्यटन के लिए शीतकालीन यात्रा की शुरुआत

धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना बढ़ी, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41% की वृद्धि दर्ज की गई है।


162 शरणार्थियों को मिला भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र

इस कार्यक्रम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी दिए गए।

साथ ही ई-जीरो एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की गई, जिससे साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।