“हर जिले में चमकेगा एक नया ‘सारकोट’, मुख्यमंत्री धामी की ग्रामीण विकास और पर्यटन पर बड़ी पहल” 🌿🏞️
देहरादून | 24 जून 2025
उत्तराखंड की धरती अब न सिर्फ आध्यात्म और प्राकृतिक सुंदरता के लिए पहचानी जाएगी, बल्कि आदर्श विकास की मिसाल भी बनेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में बड़ा ऐलान करते हुए निर्देश दिए कि हर जिले में सारकोट की तर्ज पर दो-दो आदर्श गांव विकसित किए जाएंगे।
💬 मुख्यमंत्री का कहना था —
“विकसित भारत की कल्पना, तब साकार होगी जब विकसित उत्तराखंड की नींव गांवों से रखी जाए।”
इन गांवों में समग्र सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए एकीकृत योजना लागू की जाएगी, जिसमें कृषि, बागवानी, पशुपालन, मशरूम उत्पादन, डेयरी और मौनपालन जैसी आजीविका आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
📌 सिर्फ विकास ही नहीं, स्थानीय संस्कृति भी रहेगी केंद्र में
मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर कहा कि इन गांवों में स्थानीय परंपरा, शिल्प और संस्कृति को संरक्षित करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। गांवों को स्थानीय सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा और स्वयं सहायता समूहों को सशक्त कर स्थानीय उत्पादों के विपणन की भी व्यवस्था होगी।
🚧 चारधाम यात्रा मार्ग पर सख्ती और आध्यात्मिक विकास की नई योजना
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों पर कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोषित दो स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन के लिए शीघ्र स्थान चिन्हित कर काम शुरू करने के आदेश भी दिए।
⛰️ साहसिक पर्यटन से खुलेगा रोज़गार का नया द्वार
मुख्यमंत्री ने नए साहसिक पर्यटन डेस्टिनेशन विकसित करने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने हनोल और जागेश्वर के मास्टर प्लान, हरिपुर कालसी घाट निर्माण और होमस्टे योजना से यात्रा मार्ग से जुड़े गांवों को जोड़ने की प्रक्रिया को तेज़ करने के निर्देश भी दिए।
💼 इस अहम बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।










