ऑकलैंड | 25 नवंबर 2026
न्यूजीलैंड घूमने जाने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ऑकलैंड एयरपोर्ट के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 तक के 12 महीनों में भारत से ऑकलैंड आने वाले हॉलिडे यात्रियों की संख्या में 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, बिजनेस ट्रैवल में भी 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
ऑकलैंड बना भारतीय यात्रियों का छठा बड़ा अंतरराष्ट्रीय बाजार
ऑकलैंड एयरपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में भारत और ऑकलैंड के बीच करीब 1.66 लाख यात्रियों ने सफर किया। पिछले एक दशक में भारत इस एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय बाजारों की सूची में चार स्थान ऊपर पहुंचकर छठे नंबर पर आ गया है।
न्यूजीलैंड आने वाले भारतीय पर्यटक औसतन 13 दिन रुक रहे हैं। इन यात्रियों ने देश में कुल 207 मिलियन न्यूजीलैंड डॉलर खर्च किए।
1.6 करोड़ भारतीयों ने दिखाई न्यूजीलैंड में दिलचस्पी
Tourism New Zealand के शोध के मुताबिक, करीब 1.6 करोड़ भारतीय यात्रियों ने न्यूजीलैंड को आकर्षक और किफायती पर्यटन स्थल माना है। ये लोग अगले तीन वर्षों में वहां घूमने जाने पर विचार कर रहे हैं।
न्यूजीलैंड के प्राकृतिक नजारे, समुद्र तट, स्थानीय संस्कृति और एडवेंचर गतिविधियां भारतीय पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।
सीधी उड़ान नहीं, फिर भी बढ़ रही यात्रियों की संख्या
दिलचस्प बात यह है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच फिलहाल सीधी हवाई सेवा नहीं होने के बावजूद यात्रा की मांग बढ़ रही है। करीब दो-तिहाई यात्री दक्षिण-पूर्व एशिया के एयरपोर्ट से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर न्यूजीलैंड पहुंचते हैं।
ऑकलैंड एयरपोर्ट का मानना है कि भारत के साथ सीधी हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने से पर्यटन और व्यापार, दोनों को और बढ़ावा मिल सकता है।










