मलेशिया में भारतीय पर्यटकों को मिल रही वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा आगे भी जारी रखने की मांग उठी है। मलेशियन एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स (MATTA) ने सरकार से अपील की है कि भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा छूट को 31 दिसंबर 2026 के बाद भी बढ़ाया जाए।
मलेशिया के पर्यटन उद्योग ने बताई वीजा छूट की अहमियत
MATTA के मुताबिक, दिसंबर 2023 में वीजा छूट शुरू होने के बाद मलेशिया पहुंचने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। साल 2023 में भारत से 7.73 लाख पर्यटक मलेशिया पहुंचे थे, जो 2024 में बढ़कर करीब 14 लाख और 2025 में 16 लाख हो गए।
एसोसिएशन के अनुसार, 2025 में भारतीय पर्यटकों ने मलेशिया में लगभग 14.8 अरब रिंगिट खर्च किए। MATTA का कहना है कि वीजा-फ्री सुविधा समाप्त होने से पर्यटन, एयर कनेक्टिविटी और होटल, छोटे कारोबारों सहित कई क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुविधा जारी रखने का सुझाव
MATTA ने सरकार को सुझाव दिया है कि भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा छूट जारी रखते हुए जांच और निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। एसोसिएशन ने समय-समय पर पर्यटकों के आगमन, इमिग्रेशन नियमों के पालन और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करने की भी बात कही है।
हालांकि, अभी वीजा-फ्री सुविधा बढ़ाने का कोई सरकारी फैसला नहीं हुआ है। मलेशिया के मौजूदा ऐलान के मुताबिक, यह छूट 31 दिसंबर 2026 तक ही है और 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों को मलेशिया जाने के लिए वीजा लेना होगा।











