CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

देहरादून/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता श्रीमती सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सावित्री देवी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार और परिवार के सदस्यों की ओर से की गई है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। मां का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति दें।

पैतृक गांव पंचूर में रहती थीं सावित्री देवी

सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित पंचूर गांव में अपने पैतृक आवास पर रहती थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी इसी गांव से पारिवारिक जुड़ाव रहा है। संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने अपना जीवन समाज और जनसेवा को समर्पित किया, जबकि उनका परिवार उत्तराखंड में ही रहता रहा।

जून 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित एम्स भी पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी का स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में उपचार चल रहा था।

हरिद्वार में अंतिम संस्कार की संभावना

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम संस्कार के समय और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

मां का साया सिर से उठना किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे कठिन घड़ियों में से एक होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।

खास खबर परिवार की ओर से दिवंगत सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।