🎯 चमोली को विकास की बड़ी सौगात: ₹155.36 करोड़ की 63 योजनाओं से बदलेगी तस्वीर, मुख्यमंत्री धामी ने दी नई रफ्तार

चमोली, 15 जुलाई। उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली को बुधवार को विकास की बड़ी सौगात मिली। सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले के लिए ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 🎯

गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास और ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण कर विकास कार्यों को नई गति देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चमोली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से उत्तराखंड का बेहद महत्वपूर्ण जनपद है, इसलिए यहां विकास कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

इन प्रमुख योजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा लौह सेतु, मैहलचौरी-सिलंगना घनियाली मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू मार्ग का विस्तार, विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्ग, नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, डायट गौचर का अनुरक्षण, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सेम-तोप सामुदायिक भवन एवं पार्किंग, राइंका उज्ज्वलपुर भवन, नंदानगर पार्किंग, गोगनापानी-भडूड़ा, गोपेश्वर-पोखरी-बछेर, नौटी-चौण्डली-ल्यूथा, हरनीचक-मुन्दोली, थराली-घाट (डुंग्री) तथा लौहाजंग-वॉक मोटर मार्ग समेत शिक्षा, सिंचाई, पशुपालन और सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों मोटर मार्ग, हापला-गुड़म-नैल-नौली मोटर मार्ग, नंदासैंण-मालई मार्ग का डामरीकरण, बीपीएचयू पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में डीआईपीएचएल भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष एवं विज्ञान प्रयोगशालाएं, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में दो कोर्ट का बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, पाण्डुकेश्वर बहुउद्देशीय सहकारी समिति भवन, तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम और लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों का अपग्रेडेशन शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप रावत, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।