उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, कई मकान जलकर राख; CM धामी ने दिए राहत-बचाव तेज करने के निर्देश

उत्तरकाशी | 25 नवंबर 2026

उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण आग लगने से कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

🚨 SDRF और अग्निशमन टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश

अग्निकांड की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से घटना और अब तक की गई कार्रवाई का विवरण लिया। उन्होंने SDRF, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और राहत-बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और रहने की व्यवस्था

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आग से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

इसके साथ ही अग्निकांड में हुए नुकसान का जल्द आकलन करने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य आर्थिक सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा गया है।

CM धामी बोले- संकट की घड़ी में सरकार प्रभावितों के साथ

मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने और प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल समय से उबरने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।