टोक्यो/नई दिल्ली, 18 नवंबर 2026। भारत और जापान के बीच रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए अहम कूटनीतिक बैठक होने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच गए। इस दौरान वह भारत-जापान के चौथे विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय संवाद यानी 2+2 वार्ता में हिस्सा लेंगे।
यह बैठक 19 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शामिल होंगे। जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी वार्ता में हिस्सा लेंगे।
रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर होगी चर्चा
2+2 वार्ता में दोनों देश रक्षा और रणनीतिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे। बातचीत के प्रमुख मुद्दों में रक्षा उपकरणों और तकनीक में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास तथा रक्षा उद्योग में साझेदारी को मजबूत करना शामिल है।
दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
जापानी रक्षा मंत्री से भी मुलाकात करेंगे राजनाथ सिंह
यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। दोनों रक्षा मंत्रियों की इस साल यह तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में फिलीपींस के सेबू में ASEAN Defence Ministers’ Meeting-Plus के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी।
इस बैठक में तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का दायरा और स्तर बढ़ाने, रक्षा तकनीक के आदान-प्रदान तथा औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर रहेगा जोर
भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी है। दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और नियम आधारित व्यवस्था को महत्वपूर्ण मानते हैं।
इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा सैन्य और औद्योगिक सहयोग के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार करना है।










