देहरादून/चमोली | 14 अगस्त 2026
चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी आने की घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बाकी लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे CM धामी
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री धामी राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे। उन्होंने वहां से राहत और बचाव अभियान की निगरानी की तथा चमोली जिला प्रशासन, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने को कहा।
रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉल पर बात
मुख्यमंत्री ने सुरक्षित बाहर निकाले गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया।
धामी ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था किए जाने की बात भी कही।
NDRF और SDRF समेत कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए भेजी गईं। जिला प्रशासन के साथ ITBP, सेना, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां भी बचाव अभियान में जुटी हैं।
घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन, मशीनरी और चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
घायलों के इलाज के लिए विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से फोन पर बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने डिप्टी सीएमओ से भी घायलों की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए एम्स या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
‘हर व्यक्ति को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक सभी लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान पूरी ताकत और समन्वय के साथ जारी रहेगा। 🙏
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संभाली निगरानी
राज्य आपदा परिचालन केंद्र में हुई बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव विनोद कुमार सुमन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।










