उत्तराखंड में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान तेज, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया गणना फॉर्म

देहरादून | 8 जून 2026

उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की दिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति मिल गई है। इसी क्रम में सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन प्रक्रिया को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

प्रदेश के सभी मतदाताओं तक पहुंचेंगे गणना फॉर्म

अभियान के तहत राज्य के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का सत्यापन और आवश्यक अद्यतन सुनिश्चित करना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बन सके।

7 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा मतदाताओं से प्राप्त गणना फॉर्म एकत्रित किए जाएंगे और उन्हें बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।

इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची के आंकड़ों को डिजिटल रूप से अपडेट करने में सहायता मिलेगी और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों की शुद्धता को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

🎯 राज्यभर में चलाया जा रहा यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित रहे।