रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर सैन्य हमले की घोषणा कर दी है इसके तुरंत बाद रूस के हमले यूक्रेन पर शुरू हो गए है हालिया जानकारी के अनुसार रूस ने यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया है साथ यूक्रेन के हवाई अड्डों को निशाना बनाया गया है। अलगाववादियों के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन के शहर डोनेट्स्क में गुरुवार तड़के कम से कम पांच विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। इसके बाद चार सैन्य ट्रक घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। न्यूज एजेंसी के एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से यह जानकारी दी है। आपको यह भी बता दें कि संभावित रूसी हमले को ध्यान में रखते हुए यूक्रेन ने अपने कुछ एयरपोर्ट को बंद कर दिया है। यूक्रेन सरकार ने रूस के साथ चल रहे टकराव के कारण पूर्वी यूक्रेन में हवाईअड्डों को आधी रात से सुबह 7 बजे (स्थानीय समयानुसार) तक बंद कर दिया। अधिकारियों ने कुछ हवाई क्षेत्र को “खतरे वाले क्षेत्र” के रूप में भी घोषित किया है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद तीन दिनों में अपना दूसरा आपातकालीन सत्र आयोजित करेगी। इसमें यूक्रेन संकट पर चर्चा होगी। कीव के अनुरोध पर यह बैठक गुरुवार को भरातयी समयानुसार सुबह 8 बजे होगी। युद्ध की आशंका को देखते हुए यूक्रेन ने बुधवार को ही देश में 30 दिन के आपातकाल का ऐलान कर दिया था।