नई दिल्ली — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को PHD चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 120वें वार्षिक सत्र में उत्तराखंड के औद्योगिक भविष्य की मजबूत तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड देश का अग्रणी “इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली स्टेट” बनकर उभरेगा, जहां निवेशकों के लिए न सिर्फ़ अवसर होंगे बल्कि आत्मविश्वास भी।
सीएम धामी ने बताया कि बीते ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते हुए थे, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा — “हमने निवेश को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और 30 से अधिक नीतियों को लागू किया है ताकि कोई भी उद्योग उत्तराखंड आने में हिचकिचाए नहीं।”
🏭 “पहाड़ों की धरती अब उद्योगों की शक्ति बनेगी”
मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर, सितारगंज, पंतनगर और रुद्रपुर में नए औद्योगिक पार्क और टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, किच्छा में 1000 एकड़ में स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप तेजी से आकार ले रही है। MSME उद्यमियों के लिए रुद्रपुर, सेलाकुई और हरिद्वार में ‘प्लग एंड प्ले’ फ्लैटेड फैक्ट्रियां तैयार हैं।
“स्टार्टअप्स को नई उड़ान देने के लिए राज्य में ₹200 करोड़ का वेंचर फंड और ‘यू-हब’ जैसी पहलें की गई हैं,” सीएम धामी ने कहा। उन्होंने बताया कि “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के तहत उत्तराखंड के आर्गेनिक और जीआई टैग वाले उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है।
🌍 भारत की नई औद्योगिक ताकत बन रहा उत्तराखंड
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति ने भारत की तस्वीर बदल दी है। “आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरे स्थान की ओर तेजी से बढ़ रहा है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि —
“कभी भारत को उपभोक्ता बाजार समझा जाता था, लेकिन आज भारत नवाचार और विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बन चुका है। दुनिया के बड़े देश भारत की तकनीकी क्षमता से प्रभावित हैं।”
🧭 ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर और स्टार्टअप में लीडर राज्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी मिली है। राज्य की पारदर्शी नीतियों और बेहतर प्रशासन से उद्यमियों को लाइसेंस, जमीन आवंटन और स्वीकृतियों में अब कोई कठिनाई नहीं होती।
धामी ने कहा —
“हमारा लक्ष्य साफ है — मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सीमम गवर्नेंस। उत्तराखंड को देश का सबसे निवेशक-हितैषी राज्य बनाना हमारा ‘विकल्प रहित संकल्प’ है।”
🌐 देहरादून में होगा विश्व आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन (WSDM)
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 28 से 30 नवंबर 2025 तक देहरादून में विश्व शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन पर वैश्विक विशेषज्ञ मिलकर दिशा तय करेंगे।
कार्यक्रम में PHDCCI के अध्यक्ष श्री हेमंत जैन, उपाध्यक्ष श्री राजीव जुनेजा, पूर्व अध्यक्ष श्री संजीव अग्रवाल, महानिदेशक यू-कास्ट श्री दुर्गेश पंत सहित देशभर के उद्योगपति और संस्थान प्रमुख मौजूद रहे।









