नई दिल्ली/देहरादून।
उत्तराखंड की ऊँची चोटियों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले लोगों की सबसे बड़ी परेशानी है तेज़ और सुरक्षित आवागमन। इस मुश्किल को आसान बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की और राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि “हवाई कनेक्टिविटी सिर्फ पर्यटन का ही विषय नहीं, बल्कि यह हमारी जीवन रेखा है – आपदा प्रबंधन, नागरिक सुविधा और सीमांत सुरक्षा तीनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
👉 धामी ने विशेष तौर पर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की सराहना की और कहा कि इससे पहाड़ की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँच मिली है।
चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा फिर होगी शुरू 🚁🙏
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि मानसून के बाद चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए हेली सेवाओं का पुनः संचालन किया जाएगा। यह सेवा बुजुर्गों, दिव्यांगों और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी। हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इसके संचालन को लेकर ठोस सुझाव सामने आए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि हेली सेवाओं के चलते न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क मार्गों पर दबाव भी कम होगा।
जौलीग्रांट में रात्रिकालीन उड़ान और नए हवाई पट्टियों पर चर्चा 🌃🛫
सीएम ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध किया ताकि यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके। साथ ही गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमानों के लिए विकसित करने और इन्हें दिल्ली, देहरादून व हिंडन से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे चारधाम यात्रा में आसानी होगी और पर्वतीय क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी तेज़ी से हो सकेगी।
पिथौरागढ़ हवाई सेवा को भी मिलेगा नया आयाम ✈️🇮🇳
सीएम ने क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने इसे पर्यटन, सामरिक और मानवीय दृष्टिकोण से अत्यंत अहम बताया।
पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार पर भी हुई बात
मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा उठाते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिकांश आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। अब भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को शीघ्र कार्य प्रारंभ करना चाहिए।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया।










