नेपाल सीमा सुरक्षा पर धामी सख़्त, सीमांत ज़िलों के अफसरों संग की उच्चस्तरीय बैठक

नेपाल में पिछले कुछ दिनों से बदलते राजनीतिक हालातों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सीमांत ज़िलों—चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के जिला प्रशासन, पुलिस व सशस्त्र सीमा बल (SSB) अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो।

👉 धामी ने सोशल मीडिया पर भी नज़र बनाए रखने को कहा ताकि अफवाह या भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर कड़ी नज़र रखी जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिला प्रशासन, SSB और केंद्रीय एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें।

सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों और स्थानीय समितियों की भागीदारी बेहद अहम है। इसलिए पुलिस, वन विभाग और ग्राम स्तर पर सामूहिक निगरानी तंत्र को मज़बूत किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सीमाओं से लगे प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग और सीमा पार से आने-जाने वालों पर विशेष सतर्कता बरतने को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने केंद्र सरकार के सुरक्षा निर्देशों का सख़्ती से पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा चुनौतियों, खुफिया तंत्र की मज़बूती और सामुदायिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से विमर्श हुआ। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सहित चंपावत, पिथौरागढ़ व उधम सिंह नगर के डीएम, एसपी और SSB के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।