एवियन (फ्रांस) | 18 जून 2026
फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रम्प के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई।
दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को नई गति देने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रम्प के उन प्रयासों की सराहना की,
जिनके परिणामस्वरूप पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बहाल करने को लेकर सहमति बनी है।
प्रधानमंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने, व्यापारिक गतिविधियों को निर्बाध रखने और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर भी जोर दिया।
दोनों नेताओं ने फरवरी 2025 में वाशिंगटन डी.सी. में हुई अपनी पिछली मुलाकात के बाद भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट
(कैटलाइजिंग अपॉर्चुनिटीज फॉर मिलिट्री पार्टनरशिप, एक्सेलरेटेड कॉमर्स एंड टेक्नोलॉजी) के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और द्विपक्षीय व्यापार जैसे क्षेत्रों में हुई महत्वपूर्ण उपलब्धियों का स्वागत किया गया।
बैठक में एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चल रही वार्ताओं में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया गया।
दोनों नेताओं ने अपने-अपने अधिकारियों को जल्द से जल्द एक संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और व्यावसायिक रूप से सार्थक समझौते की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।
इस क्रम में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के अगले सप्ताह भारत दौरे का भी उल्लेख किया गया, जिसे व्यापारिक वार्ताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों नेताओं ने कहा कि दोनों देशों और उनके नागरिकों के हित में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।
जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और
दोनों देश कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं।










