🎯 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश के धार से “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” और “आठवां राष्ट्रीय पोषण माह” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण ही परिवार और समाज की असली ताकत है।
यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सीएचसी, जिला अस्पतालों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर चलाया जाएगा। इस दौरान एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, जो महिलाओं और बच्चों के लिए अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य आंदोलन बनने जा रहा है।
उत्तराखंड से जुड़ा वर्चुअल आयोजन
देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल रूप से जुड़े। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और अभियान की अहमियत पर ज़ोर दिया।
राज्यपाल ने भावुक अपील करते हुए कहा—
“स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। यह अभियान परिवार और समाज दोनों की मजबूती की आधारशिला है।”
उन्होंने आमजन से इसे जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की और स्वदेशी अपनाने पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री धामी की शुभकामनाएँ और आभार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में तेज़ विकास किया है। उन्होंने याद दिलाया कि चाहे रैणी आपदा हो, जोशीमठ का संकट या हाल की प्राकृतिक आपदाएँ—हर बार प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड का साथ दिया।
सीएम धामी ने मातृशक्ति की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए कहा—
“हमारे राज्य की महिलाएं स्वरोजगार और होम स्टे जैसी योजनाओं में शानदार योगदान दे रही हैं। उनके स्वस्थ रहने से ही राज्य का विकास और मज़बूत होगा।”
आध्यात्मिक यात्रा और विकास की राह
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू रूप से चल रही है, जल्द ही यमुनोत्री धाम मार्ग भी खोल दिया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।










