प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना, बोले—‘कसूरवार बख्शे नहीं जाएंगे’ 💥

लालकिले के पास हुए धमाके ने देश की राजधानी को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विस्फोट में घायल लोगों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने हर घायल से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, उनका हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

पीड़ितों और उनके परिवारों के चेहरे पर डर और दर्द साफ झलक रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने उनमें उम्मीद की किरण जगा दी। उन्होंने कहा,

“सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है। जो भी इस षड्यंत्र के पीछे हैं, उन्हें सख़्त सज़ा दी जाएगी।”

प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और भरोसा दिलाया कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।

बाद में प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा –

“एलएनजेपी अस्पताल जाकर दिल्ली में हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिला। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस षड्यंत्र के पीछे जो लोग हैं उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस घटना की गहन जांच में जुटी हैं। राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।