हरिद्वार | 22 जुलाई 2026
उत्तराखंड में कृषि और बागवानी को नई पहचान दिलाने की दिशा में सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और पसीने का सम्मान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और सरकारी योजनाओं के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों, बागवानों तथा कृषि विशेषज्ञों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम अपनी मिठास, स्वाद और गुणवत्ता के कारण देशभर में अलग पहचान रखते हैं और यहां की बागवानी उत्तराखंड की अपार संभावनाओं का प्रतीक है।
एप्पल मिशन से किसानों को बड़ी राहत, 70 से 80 फीसदी तक सब्सिडी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और बागवानी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में सेब उत्पादन को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रसायन मुक्त प्राकृतिक उत्पादों और प्राकृतिक परफ्यूम की मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में उत्तराखंड के किसानों के लिए यह बड़ा अवसर साबित हो सकता है।
‘हिमालय ब्रांड’ से महिलाओं के उत्पादों को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पाद अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग के कारण राज्य के उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को भी लाभ मिल रहा है।
यूसीसी और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर उत्तराखंड को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मदरसा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में नया शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है, जिसमें विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कृषि से लेकर पर्यटन तक, हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, पर्यटन, निवेश और सतत विकास जैसे कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया है, जो राज्य की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
आम महोत्सव किसानों के लिए बनेगा बड़ा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन केवल फलों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि किसानों को बाजार, नई तकनीक और खरीदारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलती है, किसानों का उत्साह बढ़ता है और कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलते हैं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार को विकास की इस रफ्तार को और तेज करना होगा। विकास कार्य निरंतर जारी रहने चाहिए ताकि कृषि, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









