🌊 धराली आपदा: सीएम धामी बोले – “ये मेरे अपने लोग हैं, पुनर्वास में कोई कमी नहीं रहेगी”

उत्तराखंड के पहाड़ों में आई भीषण आपदा के बाद धराली गांव अभी भी जख्मों से उबर रहा है। रविवार को देहरादून स्थित आपदा कंट्रोल रूम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए धराली और हर्षिल के हालात का जायज़ा लिया और कई बड़े फैसले किए।

सीएम ने साफ निर्देश दिए – क्षतिग्रस्त निजी और सार्वजनिक संपत्तियों का पूरा आकलन 7 दिन में पूरा हो, ताकि रिपोर्ट तुरंत भारत सरकार को भेजी जा सके। साथ ही, कल्प केदार देवता के ध्वस्त मंदिर के पुनर्निर्माण का ऐलान भी किया।

🚜 रोड कनेक्टिविटी बहाली मिशन मोड पर
हर्षिल तक सड़क मार्ग दो दिनों में चालू करने के निर्देश जारी हुए। PWD और अन्य एजेंसियों ने भरोसा दिलाया कि लिमचीगाड़ ब्रिज के चालू होते ही सड़क कनेक्टिविटी बहाल कर दी जाएगी।

🏠 108 परिवारों के लिए त्वरित राहत
धराली में बेघर हुए 108 परिवारों के लिए सीएम ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि उनके रहने, खाने, दवाइयों और ज़रूरी सुविधाओं में कोई कमी न हो। साथ ही IIT रुड़की और अन्य विशेषज्ञ एजेंसियों की जियोलॉजिस्ट टीम को सोमवार सुबह ही प्रभावित क्षेत्र के चैनलाइजेशन के लिए रवाना करने का आदेश दिया।

🙏 रक्षाबंधन पर भी सेवा में जुटे कार्मिक
सीएम धामी ने कहा—“धराली के लोग मेरे अपने लोग हैं। उनके विस्थापन और पुनर्वास में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।” उन्होंने रक्षाबंधन पर भी परिवार से दूर रहकर राहत कार्यों में जुटे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, सेना और प्रशासनिक टीमों की सराहना की।