उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए ये खबर किसी तोहफ़े से कम नहीं! मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों से अब देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) सप्ताह में तीन दिन दौड़ेगी। रेल मंत्रालय ने इसकी औपचारिक स्वीकृति दे दी है और रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिए हैं।
🎯 अब यात्रियों की सुविधा बढ़ी तीन गुना!
पहले जहां यह एक्सप्रेस हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलती थी, वहीं अब नई समय-सारिणी के अनुसार —
-
15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी।
-
15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को।
इससे कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच का सफर और आसान होगा। व्यापारियों, विद्यार्थियों, यात्रियों और पर्यटकों — सभी के लिए यह निर्णय बड़ी राहत लेकर आया है।
💬 सीएम धामी के प्रयासों का असर
मुख्यमंत्री धामी ने 8 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया था। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सेवा विस्तार को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा —
“देहरादून–टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। यह न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को लेकर ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। कई नई रेल परियोजनाएँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे भविष्य में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल पहुँच सुनिश्चित होगी।
रेल मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) श्री विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस निर्णय को तुरंत लागू किया जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
🚄 कुमाऊँ–गढ़वाल का जुड़ाव अब और मजबूत
इस कदम से जहाँ यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, वहीं यह उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और क्षेत्रीय एकता को नई दिशा देने वाला साबित होगा।










