देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड शनिवार को खेल इतिहास का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में 50वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 28 राज्यों से 54 टीमें और लगभग हज़ार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहली बार है जब सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप उत्तराखंड की धरती पर आयोजित हो रही है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा—”खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, टीम भावना और चरित्र निर्माण की पाठशाला है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेलों के प्रति नई जागरूकता जगाई है। “आज भारत खेल जगत में नई ऊँचाइयों को छू रहा है, और यह हर खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है,” धामी ने जोड़ा।
38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता के बाद उत्तराखंड को अब खेलभूमि बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित कर रही है। जल्द ही आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों का शुभारंभ होगा, हल्द्वानी में पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भी स्थापित किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने नई खेल नीति की जानकारी देते हुए कहा कि अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, खेल किट, राज्य स्तरीय पुरस्कार और 4 प्रतिशत खेल कोटा जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने देहरादून में बास्केटबॉल प्रशिक्षण अकादमी के लिए भूमि चिन्हित करने और हल्द्वानी के खेल विश्वविद्यालय के पास भी ऐसी ही सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समय-समय पर बास्केटबॉल समेत अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल, उपाध्यक्ष आदित्य चौहान, मंदीप सिंह ग्रेवाल और अनेक गणमान्य मौजूद रहे।









