देहरादून | 13 फरवरी 2026
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया। राजपुर रोड जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में जिम से बाहर निकलते ही स्टोन क्रेशर कारोबारी विक्रम शर्मा को बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। इस दुस्साहिक वारदात से शहर में डर और गुस्से का माहौल है।
🔫 जिम से निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, सहस्रधारा रोड निवासी विक्रम शर्मा रोज की तरह सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम में वर्कआउट करने गए थे। जैसे ही वह बाहर निकले, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर करीब से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
⚠️ लाइसेंसी पिस्टल भी नहीं आई काम
बताया गया कि कारोबारी अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्टल रखते थे और घटना के समय वह उनके पास ही थी। लेकिन हमला इतना अचानक और तेज था कि उन्हें बचाव का मौका तक नहीं मिला।
👮 पुलिस ने खंगाले CCTV, कई टीमें तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस व्यापारिक रंजिश समेत कई एंगल से जांच कर रही है।
😨 तीन दिन में दूसरा मर्डर, शहर में दहशत
देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी हत्या है। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई वारदात से व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी देखी जा रही है।









