देहरादून | 26 जून
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक ऐसा दौर था, जिसने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक स्वतंत्रताओं को गहरी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता बचाने के लिए नागरिक अधिकारों पर अंकुश लगाया गया, प्रेस की स्वतंत्रता सीमित की गई और संविधान की मूल भावना को ठेस पहुंचाई गई।
देहरादून के जी.एम.एस. रोड स्थित एक होटल में ‘संविधान हत्या दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। 🇮🇳
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष की बदौलत ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था दोबारा स्थापित हो सकी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करता है, लेकिन आपातकाल के दौरान इन मूल अधिकारों को दबाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद देश की जागरूक जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते हुए लोकतंत्र को पुनः स्थापित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय’, ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान निधि 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई। इसके अलावा, आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रित जीवनसाथियों को विशेष पहचान-पत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोच्च रखते हुए विकसित भारत और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। 🎯
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया और उनके संघर्ष व योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तथा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









