देहरादून। मानसून बीत चुका है और अब पहाड़ की सड़कों पर सफ़र आसान बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी—“सड़कें समय पर गड्ढा मुक्त होनी चाहिए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
सीएम धामी ने कहा कि बरसात के बाद अब सभी विभागों को धरातल पर काम तेज़ी से करना होगा। खासकर लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
👉 मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन इलाकों से बार-बार सड़क की शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। “काम की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की साप्ताहिक समीक्षा होगी और अगर कहीं ढिलाई पाई गई तो जिम्मेदारी तय होगी।”
बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे जिनमें प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, एडीजी ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी शामिल थे।
सीएम धामी के इस सख़्त संदेश से साफ है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेज़ी से काम होगा, ताकि जनता को राहत मिले और सफ़र सुरक्षित बने। 🚧










