देहरादून | 1 फरवरी 2026
केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह बजट देश ही नहीं, बल्कि राज्यों के विकास को भी नई दिशा और नई गति देने वाला साबित होगा। उन्होंने इस विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना को ज़मीन पर उतारने वाला है। आर्थिक विकास को तेज़ करने के साथ-साथ इसमें आम आदमी की आकांक्षाओं, युवाओं के सपनों और किसानों की उम्मीदों को केंद्र में रखा गया है। खास बात यह है कि बजट में किसान, महिला, युवा, वंचित वर्ग, छोटे उद्यमी और पिछड़े क्षेत्रों के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं।
रोजगार से लेकर पर्यटन तक, हर क्षेत्र को मिलेगा संबल 🎯
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए बेहद अहम हैं। इससे न सिर्फ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार के द्वार भी खुलेंगे।
उन्होंने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना विशेष रूप से पर्वतीय पर्यटन को बढ़ावा देगी। उत्तराखंड के संदर्भ में यह पहल पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने वाली साबित होगी।
ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती 🌱
सीएम धामी ने कहा कि कृषि, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और MSME सेक्टर के लिए किए गए बजटीय प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर बजट में घोषित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेगी, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक ताकत को बढ़ाने के साथ-साथ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी बराबरी से विकास के अवसर देने वाला है। 🇮🇳










