हरिद्वार | 22 नवंबर 2026
🌊 गंगा की स्वच्छता के साथ-साथ उसमें रहने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बचाने पर भी उत्तराखंड सरकार जोर दे रही है। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया।
मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए नदी की जैव विविधता को बढ़ावा देने, प्राकृतिक मछली संसाधनों के संरक्षण और जलीय पारिस्थितिकी के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
🐟 गंगा की प्राकृतिक संपदा बचाना जरूरी : धामी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा का महत्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था तक सीमित नहीं है। गंगा समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। नदी में रहने वाले जलीय जीवों और मछलियों का संरक्षण पर्यावरण के संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
मत्स्य बीजों का संचयन जलीय पारिस्थितिकी के लिए अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीज छोड़ना प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस तरह की पहल से जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।
📢 गंगा की स्वच्छता में आम लोगों से मांगा सहयोग
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने लोगों से गंगा सहित उत्तराखंड की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य तैयार किया जा सकता है।









