गोवा | 14 नवंबर 2026
सिनेमा प्रेमियों के लिए गोवा में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। भारत का 57वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा। इस बार 86 देशों की 150 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव में भारतीय सिनेमा के साथ दुनिया की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों की कहानियां देखने को मिलेंगी।
🎬 ‘धुरंधर’ से होगी इंडियन पैनोरमा की शुरुआत
इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘Stories Without Borders’ रखी गई है। स्पेन को सम्मानित देश और रूस को साझेदार देश बनाया गया है।
इंडियन पैनोरमा में 18 भाषाओं की 76 फिल्में शामिल की गई हैं। इसकी शुरुआत हिंदी फिल्म ‘धुरंधर’ और लद्दाखी गैर-फीचर फिल्म ‘बिकमिंग’ से होगी।
86 देशों की फिल्मों का होगा प्रदर्शन
महोत्सव के लिए 137 देशों से 1,900 से अधिक फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। उद्घाटन फिल्म पावेल पावलिकोव्स्की की ‘फादरलैंड’ होगी, जबकि समापन एंथनी चेन की सिंगापुर की फिल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ से होगा।
स्पेन की चार और रूस की चार फिल्मों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा ब्रिक्स देशों की फिल्मों के लिए अलग खंड रखा गया है।
नए फिल्मकारों और महिला प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
IFFI 2026 में नए फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं, ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ कार्यक्रम में फिल्म निर्माण की 13 विधाओं से चुने गए 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
महोत्सव में मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, फिल्म निर्माण से जुड़े संवाद और 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती भी आयोजित की जाएगी।
वेव्स फिल्म बाजार भी होगा खास आकर्षण
फिल्म महोत्सव के साथ वेव्स फिल्म बाजार का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें फिल्म निर्माता, खरीदार, वितरक और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग से जुड़े लोग भाग लेंगे। नेटफ्लिक्स भी नॉलेज सीरीज पार्टनर के रूप में शामिल होगा।
गोवा के चार स्थानों पर 13 इनडोर स्क्रीन में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। भारत का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव पहली बार 1952 में आयोजित हुआ था।











