देहरादून | 9 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में हिस्सा लिया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली यात्रा में मुख्यमंत्री हजारों लोगों के साथ शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इन्द्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और राष्ट्रीय ध्वज करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे के सम्मान की रक्षा की है।
धामी ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति तथा स्वदेशी तकनीक के जरिए देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत कई क्षेत्रों में दुनिया को नई दिशा दिखा रहा है।
सेना और उत्तराखंड की वीरभूमि का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया के सामने अपनी ताकत प्रदर्शित की है।
धामी ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में निर्यातक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि राज्य की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
विकास के आंकड़े भी गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशिष्ट नीतियों के जरिए विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में उत्तराखंड की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि राज्य की प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
20 हजार से ज्यादा नए उद्योग और 1750 से अधिक स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो गई है।
उन्होंने राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
धामी ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
कानूनों और अवैध मदरसों पर कार्रवाई का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून और कठोर दंगा रोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता का कानून लागू किया गया।
उन्होंने बताया कि मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।
सरकारी जमीन से कब्जे हटाने और रोजगार का दावा
धामी ने कहा कि राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है और भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के जरिए स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली और सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









