मुख्यमंत्री धामी ने शहीद ऊधम सिंह को किया नमन, गदरपुर में शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि

गदरपुर (ऊधम सिंह नगर) | 2026

शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने अखण्ड पाठ में भाग लिया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की। 🇮🇳

शहीद ऊधम सिंह के साहस और बलिदान को किया याद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन वीरता और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करता है, हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक था। उनके अनुसार, शहीद ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार कर दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अटूट संकल्प का परिचय दिया।

युवाओं के लिए प्रेरणा है उनका जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशप्रेम की भावना जगाता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं तथा पूरे समाज को प्रेरित करती हैं।

उत्तराखंड के विकास में सिख समाज के योगदान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा और त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।