अल्मोड़ा | 16 जुलाई 2026
हरेला पर्व के पावन अवसर पर उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति का केंद्र माने जाने वाले वृद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की तथा पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव के समक्ष प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रत्येक नागरिक के कल्याण का आशीर्वाद मांगा। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद कन्याओं को प्रसाद भी वितरित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। 🙏
हरेला पर्व पर दिया संस्कृति और आस्था का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख और प्राचीन शिव धामों में शामिल है। यह स्थान अपनी आध्यात्मिक गरिमा और सांस्कृतिक विरासत के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्य भी किए जा रहे हैं।
मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सहज और सुरक्षित दर्शन का अनुभव मिल सके।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








