योजनाओं की जानकारी होगी और आसान, CM ने ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का किया अनावरण

देहरादून | 9 जून 2026

उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके और पात्र लाभार्थी समय पर इनका लाभ उठा सकें।

अब सुनकर भी समझ सकेंगे सरकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को सरल एवं सहज भाषा में संकलित किया गया है। इसमें स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी विस्तार से शामिल किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नवाचार किए जाएं और शासनादेशों को भी ऐसी भाषा में जारी किया जाए जिसे आम नागरिक आसानी से समझ सकें।

🎯 मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को उसका लाभ मिल सके।

उत्तराखंड को मिला केंद्र का विशेष सहयोग

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और विभिन्न विकास कार्यक्रमों से उत्तराखंड को भी विशेष लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं और महिलाओं को मिल रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली का सकारात्मक प्रभाव राज्य की अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल और अन्य रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार तथा आजीविका के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से प्रदेश के हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

आकाशवाणी और रेडियो के जरिए पहुंचेगी जानकारी

कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी आसानी से पहुंच सकेगी।

उन्होंने बताया कि विभाग अब तक ‘मेरी योजना’ पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी पहले से उपलब्ध है।

कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।