देहरादून | 16 दिसम्बर 2025
उत्तराखण्ड सूचना कर्मचारी संघ (मुख्यालय), देहरादून द्वारा आयोजित प्रथम इंडोर खेल प्रतियोगिता–2025 ने
न सिर्फ कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि विभागीय एकजुटता और स्वस्थ जीवनशैली का भी संदेश दिया।
मंगलवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को महानिदेशक सूचना
श्री बंशीधर तिवारी ने मेडल, पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री तिवारी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में योग और खेल केवल
शौक नहीं, बल्कि ज़रूरत बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियाँ न सिर्फ तनाव को
कम करती हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन भी लाती हैं।
उन्होंने सूचना कर्मचारी संघ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विभागीय परिसर में एक बैडमिंटन कोर्ट
तैयार किया जाना चाहिए, जिसके लिए जल्द विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर निदेशक श्री आशीष कुमार त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए
कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों में खेल भावना
और आपसी सहयोग और मजबूत हो।
इस मौके पर संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, उप निदेशक श्री मनोज श्रीवास्तव और श्री रवि
बिजारनिया ने भी अपने विचार साझा किए और आयोजन को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के महामंत्री श्री अंकित चौहान के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता
महानिदेशक सूचना के मार्गदर्शन और प्रेरणा का ही परिणाम है। वहीं संघ के अध्यक्ष श्री कैलाश रावत ने धन्यवाद
ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिताओं में शतरंज में कैलाश रावत ने प्रथम स्थान और राजेन्द्र सिंह कलूड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग की कैरम सिंगल्स प्रतियोगिता में श्रीमती आरती बिष्ट विजेता और सुश्री विदिशा नेगी उपविजेता रहीं।
पुरुष वर्ग कैरम सिंगल्स में अतुल डिमरी ने पहला और गजेन्द्र सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया।
कैरम डबल्स में अतुल डिमरी और गजेन्द्र सिंह की जोड़ी विजेता रही, जबकि चेतन कुमार पाण्डेय और राम
सिंह परजोली उपविजेता बने।
गौरतलब है कि यह इंडोर खेल प्रतियोगिता 12 और 14 दिसम्बर 2025 को सूचना भवन सभागार में आयोजित
की गई थी।
कार्यक्रम में संघ के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और
खेल भावना से सराबोर रहा। 🏆









