हरिद्वार | 15 दिसंबर 2025 🎯
उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और भविष्य की तस्वीर एक बार फिर हरिद्वार में सजी, जब मुख्यमंत्री श्री पुष्कर
सिंह धामी कनखल स्थित पौराणिक दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दुग्धाभिषेक और
विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की प्रगति, सुख-समृद्धि और वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले के दिव्य-भव्य
आयोजन की कामना की।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों और साधु-संतों से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
आध्यात्मिक माहौल और संत समाज की उपस्थिति ने इस अवसर को विशेष बना दिया।
2027 का कुंभ: उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक अवसर – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला उत्तराखंड के लिए
केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान और सांस्कृतिक गौरव का अवसर है।
उन्होंने कहा, “कुंभ मेला और कुंभ नगरी हरिद्वार का देश-दुनिया में विशेष महत्व है। राज्य सरकार इसे दिव्य और
भव्य स्वरूप देने के लिए ठोस और दूरदर्शी योजनाओं पर काम कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेला क्षेत्र का विस्तार, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
दी जा रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यहां से अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।
संत समाज का पूर्ण सहयोग मिलेगा – अखाड़ा परिषद 🙏
इस अवसर पर श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी ने संस्कृति संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री
द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्य-भव्य कुंभ आयोजन के लिए संत समाज राज्य
सरकार को पूरा सहयोग देगा।
मौके पर अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत
मुरलीदास, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास, नया अखाड़े से
जगतार मुनि, अटल अखाड़े के सत्य गिरी, मनोज गिरी सहित अनेक साधु-संत मौजूद रहे।
सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में भी किए दर्शन 🔱
इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कनखल स्थित सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर विशेष
पूजा-अर्चना की और प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस दौरान विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस
अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।









