उत्तराखंड की मिट्टी से जुड़ी प्रतिभाओं को सिनेमा की नई उड़ान देने की दिशा में गुरुवार को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सभागार में पांच दिवसीय एक्टिंग वर्कशॉप की शुरुआत हुई। 🎬
इस कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ सी.ई.ओ. उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद व महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, बॉलीवुड के मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर व प्रोड्यूसर पराग मेहता, अपर निदेशक उद्योग श्री शिखर सक्सेना और नोडल अधिकारी फिल्म विकास परिषद डॉ. नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया।
श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विज़न और नई फिल्म नीति के चलते उत्तराखंड आज देशभर में फिल्म निर्माण का नया केंद्र बन रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यहां सरकार द्वारा दिया जा रहा अनुदान और सहयोग, अन्य राज्यों की तुलना में कहीं अधिक है। “उत्तराखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं, जरूरत है सिर्फ सही मंच की,” उन्होंने कहा।
🌄 बॉलीवुड के नामी कास्टिंग डायरेक्टर पराग मेहता ने उत्तराखंड की खूबसूरती को सराहा और कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि अधिक से अधिक फिल्में यहां शूट हों, ताकि स्थानीय कलाकारों को भी बड़े मंच पर अवसर मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया।
उद्योग विभाग के अपर निदेशक श्री शिखर सक्सेना ने भरोसा दिलाया कि फिल्म इंडस्ट्री को हर संभव सहयोग मिलेगा और सिंगल विंडो सिस्टम को और सरल बनाया गया है। वहीं, डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि नई फिल्म नीति राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय है और इसमें स्थानीय कलाकारों को विशेष प्रोत्साहन दिया गया है।
इस मौके पर संभव कला मंच व नेक्स्ट लेवल से जुड़े कई कलाकार और युवा चेहरे भी मौजूद रहे, जिन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्यशाला उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित होगी।










