शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय, देहरादून में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। यह बैठक उत्तराखंड के विकास का ब्लूप्रिंट तय करने वाली साबित हुई, जहां मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की बारीकी से समीक्षा की।
बैठक में कृषि 🌾, ग्रामीण विकास, शहरी विकास 🏙️, स्वास्थ्य 🏥, शिक्षा 📚, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण 🌱 और खेल जैसे अहम क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई।
🚩 सीएम धामी के स्पष्ट निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, ताकि आम जनता तक लाभ तुरंत पहुंचे। उन्होंने चेताया कि राज्य को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने की दिशा में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
सीएम ने तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया और कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी से योजनाओं की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकती है। उनके मुताबिक, इससे गरीब, किसान, महिलाएं और युवा वर्ग योजनाओं का वास्तविक लाभ महसूस कर पाएंगे।
🌞 कृषि और ऊर्जा क्षेत्र पर फोकस
कृषि पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित पंपों की स्थापना तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों के लिए सिंचाई को आसान बनाएगा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता लाएगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगा।
🚜 सड़क ही विकास की रीढ़
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शेष गांवों को जल्द सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होंने कहा, “सड़क संपर्क विकास की आधारशिला है और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वालों की जिंदगी बदलने का सबसे बड़ा साधन।”
🎓 शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सर्वोच्च प्राथमिकता
सीएम धामी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की टॉप प्राथमिकता हैं। युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
🤝 जनता और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि योजनाओं की सफलता तभी संभव है जब शासन, जनप्रतिनिधि और जनता एकजुट होकर काम करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करें और योजनाओं की प्रगति साझा करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक रेनू बिष्ट, सहदेव सिंह पुण्डीर समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।










