उत्तराखंड में विकास को नई रफ़्तार, सीएम धामी ने स्वीकृत किए 100 करोड़ के प्रोजेक्ट्स 🎯

देहरादून/हरिद्वार/टिहरी गढ़वाल –
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक साथ कई अहम विकास योजनाओं को हरी झंडी देते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इन योजनाओं का सीधा असर देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जैसे ज़िलों में रहने वाले लाखों लोगों की रोज़मर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।

👉 देहरादून में सड़कों का चौड़ीकरण और सुधार
सीएम धामी ने सहसपुर क्षेत्र के मिट्ठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक और परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 12.3 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके अलावा, विधानसभा कैंट क्षेत्र के वसंत विहार सोसाइटी समेत केशव रोड, नेशनल रोड, शिव कॉलोनी, द्रोणपुरी और मिलन विहार जैसे इलाकों की टूटी-फूटी सड़कों के मरम्मत व मजबूती के लिए 3.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

👉 हरिद्वार जेल में बैरकों का विस्तार
जिला कारागार हरिद्वार में कैदियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को सीएम धामी ने 4.91 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके तहत बैरक नंबर 01, 02 और 06 के पहले तल पर नई बैरकों का निर्माण होगा। वहीं महिला बैरक में भी नए फ्लोर के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

👉 टिहरी में आयुर्वेदिक अस्पतालों को मजबूती
पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए टिहरी गढ़वाल में दो राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन निर्माण हेतु लगभग 5.39 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें मोल्यासेरा अस्पताल के लिए 2.89 करोड़ और बंगियाल अस्पताल के लिए 2.5 करोड़ रुपये शामिल हैं।

👉 पेयजल कार्यक्रम को भी मिली बड़ी राशि
राज्यभर के अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में जलापूर्ति सुधारने के लिए विश्व बैंक पोषित उत्तराखंड पेयजल कार्यक्रम के लिए भी मुख्यमंत्री ने 74 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें से 7 करोड़ राजस्व मद और 67 करोड़ पूंजीगत मद से जारी होंगे।

🎯 इन फैसलों के साथ मुख्यमंत्री धामी ने साफ संकेत दिया है कि विकास कार्यों की रफ़्तार किसी हाल में धीमी नहीं होगी। चाहे सड़क हो, अस्पताल हो या पेयजल—सरकार लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुँचाने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है।