उत्तराखंड में कंटेंट क्रिएटर्स की रचनात्मक उड़ान, प्रतियोगिता में 110 प्रविष्टियाँ

🎥 “कंटेंट से चमकेगा उत्तराखंड, 110 क्रिएटर्स ने दिखाई रचनात्मक ताक़त”

देहरादून 📍|
उत्तराखंड की वादियां अब केवल कैमरे की आंखों में कैद नहीं रहेंगी, बल्कि सोशल मीडिया की दुनिया में भी गूंजेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने “कंटेंट क्रिएटर्स प्रतियोगिता 2025” का आयोजन किया — और जवाब में राज्य के युवाओं ने रचनात्मकता की बौछार कर दी।

23 मार्च से 23 मई 2025 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 110 क्रिएटर्स ने भाग लिया, जिनमें 56 रील्स और 54 शॉर्ट फिल्में शामिल हैं। इन कंटेंट्स के ज़रिए एक नया उत्तराखंड सामने आने वाला है — जो सिर्फ प्रकृति नहीं, बल्कि संस्कृति, खानपान, तीर्थ और वेलनेस का भी अनोखा मेल है।

🗣️ उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस पहल का मकसद उत्तराखंड की अद्भुत संस्कृति को डिजिटल माध्यम से दुनियाभर तक पहुंचाना है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 6 मार्च को अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने की बात कही थी, और उसी दिशा में ये प्रतियोगिता एक ठोस क़दम है।

🖼️ आठ श्रेणियों में बंटे इस प्रतियोगिता में कंटेंट क्रिएटर्स ने रील्स (1 मिनट) और शॉर्ट फिल्म्स (5 मिनट) के रूप में अपनी कल्पनाशीलता को पंख दिए — जिनमें शामिल हैं:
1️⃣ उत्तराखंडी पारंपरिक खानपान
2️⃣ होमस्टे संस्कृति
3️⃣ बारहमासी पर्यटन
4️⃣ अनजाने पौराणिक मंदिर और तीर्थ
5️⃣ आयुष और वेलनेस
6️⃣ अनछुए पर्यटन स्थल
7️⃣ साहसिक पर्यटन
8️⃣ वैडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड

🏆 हर श्रेणी में दो-दो पुरस्कारों की घोषणा की गई है, प्रत्येक पुरस्कार ₹5 लाख का होगा — यानी कुल मिलाकर क्रिएटर्स के लिए यह सिर्फ एक मंच नहीं, बल्कि एक बड़ा अवसर है।

🎯 विजेताओं का चयन एक विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें एफटीआई और पर्यटन विभाग के अनुभवी सदस्य शामिल होंगे। समिति की बैठक 26 जून 2025 को होगी, जहां उत्तराखंड के नए डिजिटल राजदूतों का चयन किया जाएगा।